रायपुर, छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देश की पहली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का शुभारंभ रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से और उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव सहित कई जनप्रतिनिधि और खेल जगत की हस्तियां शामिल हुईं। केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से ने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में खेलों को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर आयोजन कर रही है। सरकार का उद्देश्य खेलों को हर घर तक पहुंचाना और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। वहीं, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश में हॉकी के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी और ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ का संदेश पूरे राज्य में गूंजेगा। यह प्रतियोगिता 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होगी, जिसमें छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में छत्तीसगढ़ के 18 स्थानीय खिलाड़ियों के साथ चार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं। इस पहल से स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। लीग में चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स, राजधानी रॉयल्स, मैनपाट टाइगर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। प्रतिदिन रायपुर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में दो मैच खेले जाएंगे। दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा, जबकि मुकाबलों का सीधा प्रसारण JioHotstar पर किया जाएगा। इस लीग का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में हॉकी की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और प्रदेश को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाना है। आयोजन से युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव मिलेगा और राज्य में हॉकी संस्कृति को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *