रायपुर, छत्तीसगढ़ के स्वयंसेवी नगर सैनिकों (होमगार्ड) के लिए राहत भरी खबर है। राज्य शासन ने उनके मानदेय में बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया है। नए प्रस्ताव के अनुसार, नगर सैनिकों को अब 30,870 रुपये प्रतिमाह यानी 1,029 रुपये प्रतिदिन मानदेय मिलेगा। इससे प्रदेश के लगभग 7,900 नगर सैनिकों और उनके परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और गृह मंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में गृह विभाग ने यह प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें 19,500 रुपये मूल मानदेय, 58 प्रतिशत महंगाई भत्ते के रूप में 11,310 रुपये और वर्दी धुलाई भत्ते के 60 रुपये शामिल हैं। इससे पहले वर्ष 2017 में नगर सैनिकों का मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 13,200 रुपये प्रतिमाह किया गया था। इसके बाद 1 अप्रैल 2023 से इसमें 6,300 रुपये की वृद्धि की गई, जिससे मानदेय 19,500 रुपये प्रतिमाह हो गया था। गृह विभाग ने बढ़ती महंगाई, न्यायालय के निर्देशों और नगर सैनिकों की सेवाओं को ध्यान में रखते हुए मानदेय बढ़ाने की अनुशंसा की है। नगर सैनिक कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में योगदान देते हैं। इस फैसले से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने और कार्य के प्रति मनोबल बढ़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *