रायपुर : छत्तीसगढ़ के दूरस्थ ग्रामीण और जनजातीय इलाकों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जोर दिया है। मुख्यमंत्री ने खासतौर पर बस्तर और सरगुजा संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग नेटवर्क मजबूत करने की जरूरत बताई। उनका कहना है कि गांवों के नजदीक बैंकिंग सुविधा मिलने से वित्तीय समावेशन के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने यह बात मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान कही। इस दौरान बैंक के छत्तीसगढ़ में 25 वर्ष पूरे होने की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने बैंक के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर तैयार किए गए विशेष लोगो का विमोचन भी किया और बैंक प्रबंधन, कर्मचारियों तथा ग्राहकों को शुभकामनाएं दीं।

गांव के पास बैंकिंग सुविधा से बढ़ेंगे आर्थिक अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैंकिंग सेवाओं का विस्तार सिर्फ खाते खोलने और लेन-देन तक सीमित नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होने से लोगों को ऋण, बीमा, डिजिटल भुगतान और बचत जैसी सेवाओं तक आसानी से पहुंच मिलती है। इससे लोगों का समय और संसाधन बचने के साथ औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ती है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का बड़ा हिस्सा ग्रामीण और जनजातीय आबादी वाला है। ऐसे में दूरस्थ क्षेत्रों तक बैंकिंग नेटवर्क पहुंचने से युवाओं, किसानों, महिलाओं और छोटे कारोबारियों के लिए वित्तीय सुविधाओं तक पहुंच आसान हो सकती है।

किसानों और छोटे कारोबारियों को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में बैंकिंग सुविधा बढ़ने से किसानों को कृषि और उससे जुड़ी गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता मिल सकती है। वहीं युवाओं को स्वरोजगार और छोटे उद्यम शुरू करने के लिए ऋण उपलब्ध कराने में बैंक अहम भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, बैंक यदि इन समूहों तक ऋण और वित्तीय साक्षरता जैसी सुविधाओं को मजबूत तरीके से पहुंचाते हैं तो महिलाओं के छोटे उद्यम और आजीविका से जुड़े कामों को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

सरकारी योजनाओं का पैसा भी आसानी से पहुंचेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंचती है। ऐसे में अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच योजनाओं के लाभ को समय पर और सुरक्षित तरीके से पहुंचाने में भी मदद करती है।

उन्होंने डिजिटल बैंकिंग और वित्तीय साक्षरता बढ़ाने पर भी जोर दिया। ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में लोगों को सुरक्षित डिजिटल लेन-देन, बचत, बीमा और वित्तीय प्रबंधन के बारे में जागरूक करने की जरूरत बताई।

छत्तीसगढ़ में 25 साल पूरे होने पर HDFC बैंक ने साझा की जानकारी

एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ में बैंक की 25 साल की यात्रा के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बैंक शहरों के साथ-साथ गांवों और विशेष रूप से बस्तर एवं सरगुजा के दूरस्थ इलाकों में अपनी सेवाओं का विस्तार करेगा।

इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, एचडीएफसी बैंक के ग्रुप हेड अरुण मेदीरत्ता, ब्रांच बैंकिंग हेड सेंट्रल इंडिया प्रतीक शर्मा सहित बैंक के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *