रायपुर : सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा और पशु चिकित्सा से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 1.24 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने सारंगढ़ प्रवास के दौरान विभिन्न विभागों के नवनिर्मित भवनों और सुविधाओं का उद्घाटन किया।

मंत्री ने पशु चिकित्सा विभाग के 74.59 लाख रुपये की लागत से बने जिला कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के 50 लाख रुपये की लागत से तैयार सीजीएमएससी के अतिरिक्त कक्ष, बीपीएचयू भवन और जिला अस्पताल के मेडिसीन वार्ड का भी उद्घाटन किया गया। शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जनभागीदारी मद से बने अतिरिक्त कक्ष को भी उपयोग के लिए सौंपा गया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री टंकराम वर्मा ने ऑफिसर्स क्लब का उद्घाटन भी किया। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लेते हुए जिले में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

मंत्री ने ग्राम छुहीपाली में आयोजित पर्यावरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और सीड बॉल के जरिए पौधरोपण किया। उन्होंने परिसर में पौधे भी लगाए और लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

इसके बाद मंत्री ने जिला कार्यालय के संयुक्त भवन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंडी प्रांगण में उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत किसानों और हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख भी वितरित किए।

कार्यक्रम में विधायक उत्तरी जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, उपाध्यक्ष अजय नायक, सदस्य, पूर्व विधायक केराबाई मनहर सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *