रायपुर : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने महासमुंद कलेक्ट्रेट में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

स्वीकृत सड़कों का निर्माण समय पर पूरा करने के निर्देश

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और स्वीकृत कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी सीधे जिम्मेदार होंगे। आधुनिक तकनीक और उपकरणों का उपयोग कर निर्माण कार्यों को बेहतर एवं सुविधाजनक बनाने पर भी जोर दिया।

जून 2027 तक हर घर जल का लक्ष्य

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए साव ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जून 2027 तक सभी ग्राम पंचायतों में हर घर जल का लक्ष्य पूरा किया जाना है।

उन्होंने ग्राम पंचायतों को जल योजनाएं हैंडओवर करने के बाद सचिवों और सरपंचों को इनके संचालन की तकनीकी जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही बंद पड़े ट्यूबवेलों को जल्द चालू करने और पेयजल संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा।

नगरीय निकायों के लिए 5 साल की कार्ययोजना

नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने शहरों में सड़क, नाली, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय आने वाले पांच वर्षों की कार्ययोजना बनाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएं।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, राजस्व वसूली बढ़ाने और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधोसंरचना मद, 15वें वित्त और नालंदा परिसर से जुड़े लक्ष्यों को भी पूरा करने पर जोर दिया।

हर गांव में मैदान, हर स्कूल से निकलें खिलाड़ी

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा में उप मुख्यमंत्री साव ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर गांव में खेल का मैदान हो और हर स्कूल से खिलाड़ी तैयार हों।

उन्होंने प्राथमिक स्तर से ही बच्चों को खेलों से जोड़ने, उपलब्ध खेल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

समीक्षा बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *