रायपुर : आयुक्त वीबी-जीरामजी एवं संचालक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण तारण प्रकाश सिन्हा ने बलौदाबाजार जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में निर्माण और विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत बेमेतरा और सितदेवरी में योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए ग्रामीणों और हितग्राहियों से सीधे संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत निर्मित आवासों का अवलोकन किया गया। आवास पूर्ण कर चुके हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से खुशियों की चाबी सौंपी गई। आयुक्त ने हितग्राहियों से आवास निर्माण, सहायता राशि, निर्माण गुणवत्ता और योजना से जीवन में आए बदलाव की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पात्र परिवारों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से योजना का लाभ देने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने जल सुरक्षा से जुड़े कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान नवीन तालाब, अमृत सरोवर, सैंड फिल्टर आधारित बोरवेल रिचार्ज संरचना और चेक डैम निर्माण कार्यों की तकनीकी एवं उपयोगिता की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और भू-जल पुनर्भरण से जुड़े कार्य स्थानीय जरूरत, कैचमेंट और दीर्घकालिक उपयोगिता को ध्यान में रखकर किए जाएं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं का उद्देश्य रोजगार के साथ टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण, जल सुरक्षा मजबूत करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाना है। अधिकारियों को ग्राम सभा से अनुमोदित कार्ययोजना के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद जिला पंचायत सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध पूर्णता, श्रमिक नियोजन, तकनीकी मापदंडों और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने फील्ड निरीक्षण को नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने और निर्माण गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *