रायपुर : छत्तीसगढ़ में पर्यटन से जुड़े लोगों और संस्थाओं के बेहतर काम को पहचान देने के लिए ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ की शुरुआत की गई है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष ये पुरस्कार देने जा रहा है। इस बार होटल, टूर ऑपरेटर, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म समेत कुल 10 कैटेगरी में पुरस्कार दिए जाएंगे।
हर कैटेगरी में एक विजेता चुना जाएगा। विजेताओं को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि और मेमेंटो दिया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 रखी गई है। इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के जरिए भेज सकते हैं।
इन 10 कैटेगरी में मिलेगा अवॉर्ड
इस बार पुरस्कारों में पर्यटन से जुड़ी पूरी श्रृंखला को शामिल किया गया है। इनमें सर्वश्रेष्ठ होटल, सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर, सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन, सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता, CTB Star Performer-सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट, CTB Star Performer-पर्यटक सूचना केंद्र, सर्वश्रेष्ठ होमस्टे, सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट और सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म शामिल हैं।
सिर्फ कारोबार नहीं, काम के असर पर भी होगा मूल्यांकन
अवॉर्ड के लिए केवल आर्थिक प्रदर्शन को आधार नहीं बनाया जाएगा। होटल और रिसॉर्ट के मामले में सेवाओं, कारोबार, अधिभोग, ग्राहक संतुष्टि और रोजगार सृजन जैसे पहलुओं को देखा जाएगा। टूर ऑपरेटर के लिए पर्यटन प्रचार, यात्रा पैकेज, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड में पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित उपाय, पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के प्रयास और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन जैसे बिंदुओं को महत्व दिया जाएगा।
सोशल मीडिया और होमस्टे को भी मिलेगा बड़ा मंच
छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को रील्स, वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले सोशल मीडिया क्रिएटर्स भी इस बार पुरस्कार की दौड़ में शामिल होंगे। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब पर कंटेंट की पहुंच और पिछले तीन वर्षों के प्रदर्शन को मूल्यांकन में देखा जाएगा।
वहीं होमस्टे कैटेगरी में बुकिंग, राजस्व, पर्यटकों की संख्या, सुविधाएं, ग्राहक समीक्षा और स्थानीय उत्पादों एवं व्यंजनों को बढ़ावा देने जैसे पहलुओं पर ध्यान दिया जाएगा। स्थानीय लोगों को पर्यटन से जोड़ने और रोजगार के अवसर पैदा करने वाले प्रयासों को भी महत्व मिलेगा।
इको और एडवेंचर टूरिज्म पर भी फोकस
इको टूरिज्म कैटेगरी में पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन को प्राथमिकता दी जाएगी। परियोजना का छत्तीसगढ़ में होना और कम से कम दो वर्षों से संचालित होना जरूरी है। जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा और स्थानीय समुदायों की भागीदारी जैसे मानकों को देखा जाएगा।
एडवेंचर टूरिज्म में कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों के संचालन, पर्यटकों की संख्या, राजस्व, नए एडवेंचर प्रोडक्ट और सुरक्षित पर्यटन अनुभव जैसे पहलुओं के आधार पर चयन किया जाएगा।
15 सितंबर तक भेजें आवेदन
पुरस्कार के लिए आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। पात्र व्यक्ति और संस्थाएं 15 सितंबर 2026 तक अपनी प्रविष्टियां ई-मेल के माध्यम से भेज सकती हैं। प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन निर्धारित पात्रता और कैटेगरीवार मानकों के आधार पर किया जाएगा।
इस पुरस्कार के जरिए पर्यटन क्षेत्र में बेहतर सेवाओं, नए प्रयोग, डिजिटल प्रमोशन, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय रोजगार जैसे प्रयासों को पहचान देने की कोशिश की जा रही है। इससे राज्य के पर्यटन कारोबार से जुड़े नए उद्यमियों और संस्थाओं को भी अपने काम को सामने लाने का मौका मिलेगा।