रायपुर : छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की प्रक्रिया के बीच रायपुर में मुस्लिम समाज की ओर से 1 सितंबर को एक दिवसीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में UCC को लेकर समाज के बुद्धिजीवियों और प्रतिनिधियों से सुझाव लिए जाएंगे। इन सुझावों को राज्य स्तरीय समान नागरिक संहिता समिति के समक्ष रखा जाएगा।
यह बैठक 1 सितंबर 2026, मंगलवार को महंत घासीदास ऑडिटोरियम, कलेक्ट्रेट चौक, रायपुर में आयोजित होगी। कार्यक्रम की जानकारी छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने दी है। आयोजकों के मुताबिक बैठक को लेकर रायपुर की विभिन्न मस्जिदों में जुमा के दौरान सूचना भी दी गई है।
लिखित सुझाव दो प्रतियों में लाने की अपील
बैठक के आयोजकों ने मुस्लिम समाज के लोगों से UCC को लेकर अपने सुझाव लिखित रूप में दो प्रतियों में लाने की अपील की है। सुझावों को ‘अध्यक्ष, समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़’ के नाम संबोधित करने को कहा गया है।
आयोजकों का कहना है कि बैठक के दौरान प्राप्त सुझावों को एकत्रित किया जाएगा, ताकि उन्हें समिति के सामने व्यवस्थित तरीके से रखा जा सके।
शहर काजी और वरिष्ठ अधिवक्ता रहेंगे मौजूद
बैठक में शहर काजी कारी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल रिजवी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में UCC से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर समाज के लोगों की राय और सुझाव लिए जाएंगे।
शाम 4 बजे समिति को सौंपे जाएंगे सुझाव
आयोजकों के अनुसार बैठक से प्राप्त सुझावों को उसी दिन शाम 4 बजे समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़ के सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस दौरान मुस्लिम समाज की ओर से UCC को लेकर सामने आए विचारों और सुझावों को समिति के सामने रखा जाएगा।
छत्तीसगढ़ में UCC को लेकर गठित राज्य स्तरीय समिति अलग-अलग पक्षों से सुझाव और विचार लेने की प्रक्रिया में है। रायपुर में होने वाली यह बैठक इसी प्रक्रिया के तहत मुस्लिम समाज की ओर से अपनी राय रखने का एक प्रयास है।