रायपुर : छत्तीसगढ़ को गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) के 10वें स्थापना दिवस समारोह में ‘GeM सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की उपस्थिति में यह सम्मान प्रदान किया गया।

राज्य सरकार द्वारा GeM के प्रभावी उपयोग के चलते वित्तीय वर्ष 2025-26 में शासकीय खरीदी 113 प्रतिशत बढ़कर ₹3,935 करोड़ पहुंच गई। पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रिया के माध्यम से राज्य शासन को इसी अवधि में ₹130 करोड़ की बचत हुई। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में प्रतिस्पर्धी खरीदी से कुल ₹235 करोड़ की बचत दर्ज की गई है।

MSEs को मिले ₹1,800 करोड़ के ऑर्डर

GeM के माध्यम से सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSEs) की भागीदारी में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में MSEs से खरीदी 61 प्रतिशत बढ़कर ₹1,800 करोड़ हो गई, जो निर्धारित 25 प्रतिशत खरीद लक्ष्य से काफी अधिक है।

महिला उद्यमियों से खरीदी में 97 प्रतिशत, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों से 108 प्रतिशत और स्टार्टअप से खरीदी में 178 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

पारदर्शी खरीदी से उद्यमियों को मिला अवसर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि GeM ने छत्तीसगढ़ के उद्यमियों को बिना किसी मध्यस्थ के सीधे शासकीय बाजार से जुड़ने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पारदर्शी शासकीय खरीदी के साथ स्थानीय उद्यमिता को मजबूत करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना है।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *