रायपुर : छत्तीसगढ़ में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के साथ ही पूर्वोत्तर राज्यों और दिल्ली-एनसीआर के साथ कारोबारी रिश्ते मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में पूर्वोत्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड कम्युनिटी, दिल्ली-एनसीआर और छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने समन्वयक सुशील अग्रवाल के नेतृत्व में राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। इस दौरान तीनों क्षेत्रों के बीच व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध छत्तीसगढ़ में वनोपज, कृषि एवं फार्मिंग, स्टील और चाय समेत कई क्षेत्रों में उद्योग और कारोबार की संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व्यापार और उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए जरूरी सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध करा रही है।
राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए भी पूर्वोत्तर राज्यों तथा दिल्ली-एनसीआर में कारोबार बढ़ाने के अवसर हैं। दोनों क्षेत्रों के चैंबर ऑफ कॉमर्स आपसी समन्वय बढ़ाकर व्यापारियों और उद्योगपतियों को नए बाजार, कारोबारी अवसर और जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर सकते हैं।
बैठक में प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने तथा नए औद्योगिक एवं कारोबारी अवसर विकसित करने को लेकर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर पूर्वोत्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड कम्युनिटी के अध्यक्ष अजय खेमानी, राजेश सोनी, सह-समन्वयक सारंग अग्रवाल और छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे