रायपुर से देश-दुनिया तक पहुंचेगा खिलाड़ियों का हुनर, 1 नवंबर को होगा फाइनल रायपुर, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सभी मैचों का लाइव प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा। 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाली इस लीग के मुकाबले प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से देखे जा सकेंगे। लाइव स्ट्रीमिंग से राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ हॉकी को बढ़ावा मिलेगा। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारत की पहली आधिकारिक राज्य हॉकी लीग है, जिसे हॉकी इंडिया से मान्यता मिली है। प्रतियोगिता में राज्य के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि फाइनल मुकाबला 1 नवंबर को खेला जाएगा। लीग में ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल होंगे। वहीं, महिला हॉकी को प्रोत्साहित करने के लिए टूर्नामेंट के पहले दिन महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कहा कि लीग का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देना है। जियोहॉटस्टार पर लाइव स्ट्रीमिंग से रायपुर के मैदान में होने वाले मुकाबले देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *