कबीरधाम के गांवों में सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवनों के निर्माण की घोषणाएं
रायपुर, उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के वनांचल ग्राम अंधरीकछार, बोरिया और महली में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी मांगों और शिकायतों पर चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्र में सड़क, पुलिया, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
उप मुख्यमंत्री ने अंधरीकछार में सीसी सड़क, धरसा मार्ग, महामाया मंदिर परिसर में निर्माण कार्य और मंच निर्माण सहित विभिन्न कार्यों की घोषणा की। बोरिया में खाद गोदाम, सीसी सड़क और महादेव मंदिर के पास मंच निर्माण की घोषणा की गई। इसके अलावा कापा और सिरमी में सामुदायिक भवन व सड़क निर्माण तथा महली में मंच, सामुदायिक भवन, सीसी सड़क और पुलिया निर्माण के कार्य शामिल हैं।
तीन गांवों में 427 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत
शर्मा ने बताया कि अंधरीकछार में 163, बोरिया में 128 और अचानकपुर में 136 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को आवास निर्माण की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या अनियमितता की शिकायत मिलने पर जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गन्ना किसानों को मिलेगा लाभांश
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि भोरमदेव शक्कर कारखाने ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में शक्कर रिकवरी के मामले में देश में सर्वाधिक प्रदर्शन किया है। उनके अनुसार, छत्तीसगढ़ में पहली बार गन्ना किसानों को शक्कर कारखाने से लाभांश राशि भी मिलने जा रही है।
दौरे के दौरान विजय शर्मा ने ग्राम बोरिया में मां जगदंबा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की जरूरतों पर चर्चा की। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, कांशीराम उइके, अमित वर्मा, रूप सिंह धुर्वे, रामकिंकर वर्मा, बैगा समाज के प्रदेशाध्यक्ष मोती बैगा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।