47.15 लाख रुपए से बनेगा गौरव पथ, गांवों में सड़क, सामुदायिक भवन और नाली निर्माण की घोषणाएं रायपुर, उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम मड़मड़ा और कबरटोला का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। मड़मड़ा में उन्होंने नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 और 5 लाख रुपए की लागत से बने अटल डिजिटल सेवा केंद्र का लोकार्पण किया। साथ ही 47.15 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 500 मीटर लंबे गौरव पथ का भूमिपूजन किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र से बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का बेहतर लाभ मिलेगा। अटल डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की राशि निकालने तथा जमा करने के लिए शहर जाने की जरूरत कम होगी। ग्रामीणों की मांग पर शर्मा ने मड़मड़ा से बैजलपुर मुख्य मार्ग का मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माण कराने की घोषणा की। इसके अलावा बाजार छपरी में 15 लाख रुपए, पटवारी भवन के पास 10 लाख रुपए और पुरानी सोसायटी के पास 6.50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। कबरटोला में उप मुख्यमंत्री दुर्गोत्सव एवं नवधा रामायण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने देवी दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और ग्रामीणों के साथ रामधुन में भाग लिया। कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कबरटोला में भी उन्होंने 20.20 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की। इसमें पंचायत भवन के पास 6.50 लाख रुपए से सामुदायिक भवन, 2.60-2.60 लाख रुपए की लागत से दो सीसी सड़कें, नवधा रामायण मंच के पास 3.50 लाख रुपए से मंच निर्माण और शीतला मंदिर की ओर 5 लाख रुपए से नाली निर्माण शामिल है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *