रायपुर, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों के मुख्य प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों का चयन कर लिया गया है। लीग में भारतीय हॉकी के अनुभवी ओलंपियन मार्की खिलाड़ी के रूप में टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर सिंह और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम शामिल हैं। इन अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने से प्रदेश के युवा हॉकी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता के सभी मुकाबले 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतिदिन पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे और दूसरा मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। मैचों के बीच मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। जो दर्शक स्टेडियम नहीं पहुंच पाएंगे, वे जियोहॉटस्टार पर मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे। प्रतियोगिता के सभी मैच हॉकी इंडिया के अधिकारियों और तकनीकी अधिकारियों की देखरेख में आयोजित होंगे।

अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उतरेंगी टीमें

लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमों को अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा। न्यायधानी नाइट्स के मुख्य प्रशिक्षक मोहम्मद रियाज होंगे और टीम के मार्की खिलाड़ी ओलंपियन सुरेंद्र कुमार हैं। मैनपाट टाइटन्स की जिम्मेदारी मुख्य प्रशिक्षक अजय कुमार संभालेंगे, जबकि प्रदीप मोर टीम के मार्की खिलाड़ी होंगे। चक्रधर चैंपियंस के मुख्य प्रशिक्षक अजितेश राय हैं और एस.वी. सुनील टीम का नेतृत्व मार्की खिलाड़ी के रूप में करेंगे। राजधानी रॉयल्स के मुख्य प्रशिक्षक राजेन्दर सिंह जूनियर होंगे और ललित कुमार उपाध्याय टीम के मार्की खिलाड़ी हैं। इसी तरह संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के मुख्य प्रशिक्षक रजनीश मिश्रा होंगे और शमशेर सिंह टीम के मार्की खिलाड़ी रहेंगे। बैलाडीला बुल्स के मुख्य प्रशिक्षक देवेश चौहान हैं, जबकि चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम टीम के मार्की खिलाड़ी होंगे। अनुभवी प्रशिक्षकों और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी से युवा खिलाड़ियों को खेल कौशल, रणनीति और बड़े मुकाबलों के दबाव से निपटने का अनुभव मिलने की उम्मीद है।

छह फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े प्रतिष्ठित संस्थान

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में विभिन्न संस्थानों ने फ्रेंचाइजी के रूप में भागीदारी की है। चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL), राजधानी रॉयल्स की श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइटन्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है। इस भागीदारी से प्रदेश में हॉकी को प्रोत्साहन देने और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के प्रयासों को समर्थन मिलेगा।

टीमों में स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का मेल

लीग की सभी छह टीमों में ओलंपियन्स और अनुभवी खिलाड़ियों के साथ छत्तीसगढ़ की स्थानीय प्रतिभाओं को भी शामिल किया गया है। न्यायधानी नाइट्स, मैनपाट टाइटन्स, चक्रधर चैंपियंस, राजधानी रॉयल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स के खिलाड़ी खिताब के लिए मैदान में उतरेंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अनुभवी हॉकी खिलाड़ियों के साथ खेलने, अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का मंच मिलेगा। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से राज्य में हॉकी की लोकप्रियता बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को आगे लाने की उम्मीद है।

टीमों के मार्की खिलाड़ी और मुख्य प्रशिक्षक

टीम

मार्की खिलाड़ी

मुख्य प्रशिक्षक

न्यायधानी नाइट्स

सुरेंद्र कुमार

मोहम्मद रियाज

मैनपाट टाइटन्स

प्रदीप मोर

अजय कुमार

चक्रधर चैंपियंस

एस.वी. सुनील

अजितेश राय

राजधानी रॉयल्स

ललित कुमार उपाध्याय

राजेन्दर सिंह जूनियर

संस्कारधानी स्ट्राइकर्स

शमशेर सिंह

रजनीश मिश्रा

बैलाडीला बुल्स

चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम

देवेश चौहान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *