रायपुर,  कवर्धा के भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कारखाने को लगातार दो पेराई सत्र 2024-25 और 2025-26 में ‘हाईएस्ट शुगर रिकवरी–अदर एरिया’ श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ के किसी सहकारी शक्कर कारखाने को पहली बार इस श्रेणी में नेशनल अवॉर्ड मिला है।

नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित शुगर फैक्ट्री एफिशिएंसी अवॉर्ड समारोह में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को सम्मानित किया गया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पुरस्कार प्रदान किया। समारोह में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे।

इस उपलब्धि पर सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने गन्ना उत्पादक किसानों और कारखाना प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण गन्ने की आपूर्ति, कारखाने की तकनीकी दक्षता और बेहतर प्रबंधन के तालमेल से यह परिणाम सामने आया है। उनके मुताबिक यह सम्मान किसानों की मेहनत के साथ सहकारिता व्यवस्था की सामूहिक क्षमता को भी दर्शाता है।

केदार कश्यप ने कहा कि सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने के साथ उन्हें आधुनिक और पारदर्शी बनाने पर काम किया जा रहा है। सहकारिता विभाग में डिजिटलीकरण, प्राथमिक कृषि साख समितियों के कम्प्यूटरीकरण और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाना और किसानों तक योजनाओं व सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है।

लगातार दो पेराई सत्र में राष्ट्रीय सम्मान

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को 2024-25 और 2025-26 दोनों पेराई सत्रों के लिए ‘हाईएस्ट शुगर रिकवरी इन अदर एरिया’ का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। कारखाने की ओर से आयुक्त सहकारिता रमेश शर्मा, विभागीय अधिकारियों और कारखाना प्रबंधन ने संयुक्त रूप से पुरस्कार ग्रहण किया। इस उपलब्धि को प्रदेश की सहकारी शक्कर उद्योग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *