रायपुर : किसानों को रासायनिक उर्वरक निर्धारित दर पर उपलब्ध कराने के लिए जशपुर जिले में कृषि विभाग द्वारा लगातार निगरानी और जांच की जा रही है। इसी क्रम में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने की शिकायत मिलने पर कृषि विभाग की पत्थलगांव टीम ने अन्नपूर्णा खाद भंडार का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने की पुष्टि हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग ने उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के प्रावधानों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए अन्नपूर्णा खाद भंडार को 7 दिनों के लिए सील कर दिया। साथ ही संबंधित उर्वरक विक्रेता से मामले में जवाब भी मांगा गया है।
किसानों से पक्की रसीद लेने की अपील
उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण और निर्धारित दर पर बिक्री की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों से निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यूरिया एवं अन्य रासायनिक उर्वरक निर्धारित दर पर ही खरीदें और पक्की रसीद जरूर लें। यदि कोई विक्रेता निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलता है या उर्वरक वितरण में अनियमितता करता है, तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें।
कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी आर.के. पैंकरा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जीवन एक्का, कृषि विकास अधिकारी मंत्री राम राठिया एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कृष्ण कुमार चौधरी मौजूद रहे।