रायपुर, छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत 14,193 उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से 83.27 लाख राशनकार्डधारियों को पात्रता के अनुसार खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। इनमें चावल, नमक, शक्कर, चना और केरोसिन शामिल हैं। खाद्य विभाग के अनुसार, राशन वितरण व्यवस्था नियमित रूप से संचालित हो रही है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मुताबिक, जनवरी से नवंबर 2026 तक प्रदेश में 26.51 लाख टन चावल, 95,832 टन नमक, 62,083 टन शक्कर और 36,244 टन चना वितरित किया गया है। हालांकि, नागरिक आपूर्ति निगम के प्रदाय केंद्रों में स्टॉक उपलब्ध नहीं होने के कारण जुलाई से चना और अक्टूबर से शक्कर का वितरण अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इसे राशन दुकानों से इन खाद्य सामग्री की व्यवस्था पूरी तरह बंद होना नहीं माना जाना चाहिए।
गरियाबंद जिले के मैनपुर और देवभोग विकासखंडों में भी राशन वितरण के आंकड़े जारी किए गए हैं। मैनपुर में 45,763 राशनकार्डधारियों को जनवरी से नवंबर तक 1,47,888 क्विंटल चावल, 8,615 क्विंटल नमक, 5,548 क्विंटल चना और 3,807 क्विंटल शक्कर वितरित की गई। वहीं, देवभोग में 33,457 राशनकार्डों के तहत 1,09,015 क्विंटल चावल, 3,150 क्विंटल नमक और 2,843 क्विंटल शक्कर का वितरण किया गया।
विभाग ने बताया कि केरोसिन का आबंटन केंद्र सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय से मिलता है। वर्तमान में राज्य को प्रतिमाह 508 किलोलीटर केरोसिन मिल रहा है, जो लगभग 74 लाख अंत्योदय और प्राथमिकता राशनकार्डधारियों के लिए निर्धारित है। इसकी कीमत जिलों में 62 से 82 रुपये प्रति लीटर होने के कारण हितग्राही इसका कम उठाव कर रहे हैं। फिलहाल उठाव लगभग 30 से 40 प्रतिशत है।
राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बायोमेट्रिक अंगूठे के निशान से सत्यापन किया जा रहा है। विभाग ने राशन की अनुपलब्धता को लेकर फैल रही भ्रामक जानकारियों से बचने और वास्तविक स्थिति जानने के लिए संबंधित उचित मूल्य दुकानों से जानकारी लेने की अपील की है।