कोसा सिल्क प्रसंस्करण, आधुनिक बुनाई और उद्यमिता से जुड़ेंगी महिलाएं, 36 महीने में विकसित होंगे नए रोजगार और व्यवसाय के अवसर
रायपुर, छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘स्त्री’ (STREE) परियोजना का शुभारंभ किया गया है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान विभाग (DSIR) द्वारा प्रायोजित 89.97 लाख रुपये की इस परियोजना का क्रियान्वयन एनआईटी रायपुर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (NITRRFIE) द्वारा जिला प्रशासन धमतरी के सहयोग से किया जा रहा है।
इस परियोजना के तहत अगले 36 महीनों में 300 ग्रामीण महिलाओं को कोसा सिल्क प्रसंस्करण, आधुनिक बुनाई, उत्पाद विकास और उद्यमिता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य पारंपरिक कोसा सिल्क और कृषि अपशिष्ट से तैयार होने वाले हस्तशिल्प उत्पादों को बाजार से जोड़कर महिलाओं के लिए स्थायी आजीविका के अवसर तैयार करना है। शुभारंभ अवसर पर महिलाओं और स्व-सहायता समूहों के लिए उद्यमिता विकास कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें ई-कॉमर्स, उत्पाद डिजाइन, फोटोग्राफी और डिजिटल विज्ञापन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग की जानकारी दी गई।
परियोजना के अंतर्गत शासकीय पॉलिटेक्निक रुद्री में ‘स्त्री’ स्किल सैटेलाइट सेंटर स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से महिलाओं को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देकर उनके उत्पादों को GeM और ONDC जैसे राष्ट्रीय ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ने की योजना है। मोटराइज्ड रीलिंग, इलेक्ट्रॉनिक जैक्वार्ड लूम और एआई आधारित डिजाइन जैसी तकनीकों से पारंपरिक बुनाई को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल को ग्रामीण उद्यमिता, स्टार्टअप विकास और ‘वोकल फॉर लोकल’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। एनआईटी रायपुर के निदेशक प्रो. एन. वी. रमना राव और परियोजना के प्रधान अन्वेषक डॉ. अनुज कुमार शुक्ला ने कहा कि इस पहल से महिलाओं को केवल बुनाई तक सीमित न रखकर अपने उत्पादों का ब्रांड विकसित करने और स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए तैयार किया जाएगा।
कार्यक्रम में आईआईएम रायपुर के प्रभारी निदेशक प्रो. संजीव पराशर, धमतरी महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। ‘स्त्री’ परियोजना से उम्मीद है कि धमतरी की पारंपरिक कला को नई पहचान मिलेगी और ग्रामीण महिलाएं कौशल, तकनीक तथा उद्यमिता के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बन सकेंगी।