स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में 16 श्रेणियों के तहत प्रतिभाओं का सम्मान, मुख्यमंत्री ने युवाओं से किया संवाद
रायपुर, राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के कंटेंट क्रिएटर्स छत्तीसगढ़ के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं। अपनी रचनात्मकता और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से वे प्रदेश की लोककला, संस्कृति, खान-पान, पर्यटन और छत्तीसगढ़ी भाषा को देश-दुनिया में नई पहचान दिला रहे हैं। कार्यक्रम में जनता की ऑनलाइन वोटिंग के आधार पर 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पॉडकास्ट शैली में युवा क्रिएटर्स से संवाद किया और अपने सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने पंच से सरपंच, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक के सफर का जिक्र करते हुए कहा कि जीवन की जिम्मेदारियों ने उन्हें परिश्रम, धैर्य और जनता से जुड़े रहने की सीख दी। खेती-किसानी पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
बस्तर में नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान और विकास कार्यों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2026 छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन रहा। उन्होंने बताया कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, आधार और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
युवाओं के रोजगार और भविष्य पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों के साथ उद्योग, आईटी, पर्यटन और स्टार्टअप क्षेत्र में भी अवसर विकसित किए जा रहे हैं। कौशल विकास, निःशुल्क कोचिंग, प्रयास आवासीय विद्यालय और 38 नालंदा परिसरों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, स्थानीय पर्यटन और महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को डिजिटल माध्यमों से बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और मोबाइल-इंटरनेट का उपयोग रचनात्मक कार्यों के लिए करने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और युवा क्रिएटर्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।