मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा की, युवाओं को पेटेंट और बौद्धिक संपदा अधिकार दिलाने में सहयोग के निर्देश

रायपुर,  छत्तीसगढ़ में वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और आधुनिक विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार नई पहल कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद और रीजनल साइंस सेंटर के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों का लाभ शासन के विभिन्न विभागों के साथ आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी की स्थापना की तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने इसके लिए आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने को कहा। प्रस्तावित साइंस सिटी में 7-डी थिएटर, प्लेनेटेरियम, स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी गैलरी, साइंस पार्क, डिजिटल पैनोरमा और रिन्यूएबल एनर्जी पार्क जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे बच्चों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को विज्ञान एवं आधुनिक तकनीक को रोचक और व्यावहारिक तरीके से समझने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सिकॉस्ट) की केंद्रीय प्रयोगशालाओं को प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान की बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक में विज्ञान केंद्र में विकसित की जा रही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) गैलरी और सूरजपुर जिले के मायापुर में प्रस्तावित एस्ट्रो साइंस पार्क पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में विज्ञान की जानकारी पहुंचाने के लिए चलित विज्ञान जागरूकता बस के संचालन पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कृषि, पर्यावरण, ग्रामीण विकास और राजस्व सहित विभिन्न विभागों में वैज्ञानिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए। बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन, निर्माण कार्यों की निगरानी, भू-अभिलेख प्रबंधन और भूमि उपयोग के आकलन में आधुनिक तकनीक का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने युवाओं, शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं को पेटेंट सहित बौद्धिक संपदा अधिकार प्राप्त करने की प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उनके नए विचारों और खोजों को उचित संरक्षण मिल सके।

बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। राज्य सरकार की इन पहलों का उद्देश्य प्रदेश में वैज्ञानिक सोच विकसित करने, युवाओं को अनुसंधान से जोड़ने और तकनीकी नवाचारों को विकास कार्यों का हिस्सा बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *