राज्य स्तरीय कार्यशाला में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, 42 सखी वन स्टॉप सेंटर और महिला हेल्पलाइन 181 से मिल रही सहायता रायपुर, 23 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा। केवल सरकारी प्रयासों से इन समस्याओं का पूरी तरह उन्मूलन संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए सामूहिक संकल्प लेकर जनआंदोलन खड़ा करने की आवश्यकता है। वे राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। मानव तस्करी के मामलों में कई बार परिचित लोग ही नौकरी और बेहतर भविष्य का प्रलोभन देकर महिलाओं एवं बेटियों को अपने जाल में फंसाते हैं। उन्होंने अपने गृह जिले जशपुर का उदाहरण देते हुए बताया कि सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संगठनों के समन्वित प्रयासों से वहां मानव तस्करी की समस्या में कमी आई है। उन्होंने परिवारों और समाज से सतर्कता एवं जागरूकता बढ़ाने की अपील की। महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। यहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी परामर्श और मनोवैज्ञानिक सहयोग सहित आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल रही हैं। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा डायल 112 के माध्यम से भी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क, महिला थानों और अभिव्यक्ति ऐप के जरिए महिलाओं की शिकायतों पर कार्रवाई की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। योजना की 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं। वहीं, प्रदेश में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक आत्मनिर्भरता महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ परिवार और समाज में उनकी भागीदारी को भी मजबूत कर रही है। कार्यशाला के समापन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां हुई चर्चा और प्राप्त सुझावों को धरातल पर लागू करना जरूरी है। मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए शासन-प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका, विश्वविद्यालयों और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी और दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *