रायपुर में लोक भवन में 12 नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका की उपस्थिति में दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में लोक भवन के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान परिवार के सदस्यों और बच्चों ने गीत-संगीत एवं नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। समारोह में राज्यपाल ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही लोक भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों को दीपावली के उपहार भेंट किए। योग संस्थान के सदस्यों का सम्मान इस अवसर पर सत्यम योग संस्थान के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। दैनिक जीवन में योग को अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने के लिए राज्यपाल ने संस्थान के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। राज्यपाल ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रेम, सद्भाव, सहयोग और भाईचारे का पर्व है। ऐसे आयोजन लोगों को आपस में जुड़ने और पारिवारिक आत्मीयता के साथ त्योहार मनाने का अवसर देते हैं। कार्यक्रम में राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे सहित लोक भवन के अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *