स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल करने के बाद उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव गुरुवार को रायपुर लौटे। नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों पुरस्कार प्राप्त कर लौटे उप मुख्यमंत्री के साथ रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के नगरीय निकाय प्रमुखों का विमानतल पर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में स्वच्छता दीदियां, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पारंपरिक लोकनृत्य और गाजे-बाजे के साथ प्रतिनिधिमंडल का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेंड्रे का भी स्वागत किया गया। तीनों निकायों के कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों ने अपने जनप्रतिनिधियों की उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। लगातार दूसरे साल राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान रायपुर पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीनों नगरीय निकायों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने लगातार दूसरे वर्ष स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम रखी है। तीन नगरीय निकायों का लगातार दो वर्षों तक राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना स्वच्छता के क्षेत्र में हो रहे सुधार, प्रतिबद्धता और प्रभावी प्रयासों का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे सफाई मित्रों की मेहनत, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों-कर्मचारियों की प्रतिबद्धता के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी है। 9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियों का अहम योगदान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियां शहरी स्वच्छता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पुरस्कार केवल नगरीय निकायों की उपलब्धि नहीं, बल्कि स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों की मेहनत का भी सम्मान है। रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा ने बरकरार रखी उपलब्धि स्वच्छ सर्वेक्षण में तीनों शहरों ने अलग-अलग श्रेणियों में अपनी पहचान बनाई है। बिल्हा ने पिछली बार अपनी श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया था। बिलासपुर ने तीन से दस लाख की आबादी वाले शहरों में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। इस बार बिलासपुर को देश के सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट वाले शहरों में दूसरा स्थान मिला है। वहीं राजधानी रायपुर को पिछले सर्वेक्षण में ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ का पुरस्कार मिला था, जबकि इस बार रायपुर को राज्य के सबसे स्वच्छ शहर का सम्मान प्राप्त हुआ है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल कुछ शहरों को राष्ट्रीय पहचान दिलाना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक नगरीय निकाय को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और सुविधापूर्ण बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा की उपलब्धियां प्रदेश के दूसरे नगरीय निकायों को भी स्वच्छता के लिए बेहतर प्रयास करने की प्रेरणा देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *