रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को जशपुर शहर में 1 करोड़ 35 लाख 85 हजार रुपए की लागत से नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। शहर के मध्य स्थित इस सर्वसुविधायुक्त भवन से नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में एक नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों की जरूरतों और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है। सामुदायिक भवन केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। ऐसे भवनों से लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के बीचों-बीच इस सामुदायिक भवन के निर्माण से विशेष रूप से मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। अब लोगों को विवाह, जन्मदिन, वर्षगांठ और अन्य पारिवारिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए महंगे निजी भवनों या टेंट पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। इससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें कम खर्च में सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास की सुविधाएं समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचें। नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी बेहतर अधोसंरचना तैयार की जा रही है। पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उत्तर जशपुर में नए भवन के लिए 30 लाख रुपए की घोषणा से क्षेत्र के लोगों को भी भविष्य में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, अमर सुल्तानिया, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी, सुनील गुप्ता और भरत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह और नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *