रायपुर। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने एक अभिनव पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को जशपुर पुलिस लाइन में हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। इस हेलमेट बैंक में 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को अस्थायी रूप से दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करने के साथ यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से कई लोगों की जान चली जाती है। ऐसे में हेलमेट का नियमित उपयोग गंभीर चोट और मृत्यु के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है।
हेलमेट बैंक की खासियत यह है कि किसी आवश्यक काम से अचानक घर से निकलने वाले ऐसे नागरिक, जिनके पास हेलमेट नहीं है या तत्काल हेलमेट खरीदने की सुविधा नहीं है, वे पुलिस से अस्थायी रूप से हेलमेट प्राप्त कर सकेंगे। अपना काम पूरा करने के बाद नागरिकों को स्वयं का हेलमेट लेकर आना होगा और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराया गया हेलमेट वापस जमा करना होगा। इसके साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक छोटे सेवा कार्य में भी पुलिस का सहयोग करना होगा।
जशपुर पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान भी शुरू किया है। इसके तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के वाहन जब्त किए जा रहे हैं। नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालान काटे वाहन छोड़ा जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में हेलमेट पहनने की नियमित आदत विकसित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सके।
जशपुर पुलिस ने जिले में दोपहिया वाहन से यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया है। ‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ के संदेश के साथ शुरू की गई यह पहल सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि हेलमेट बैंक से लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और जिले में सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित होगी।
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया, कृष्णा राय, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।