मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर रिटेंशन और थर्ड पार्टी आवासों का किराया घटाकर 6 रुपये प्रति वर्गफीट किया गया
रायपुर, भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की टाउनशिप में रहने वाले हजारों परिवारों को आवास किराए में बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद बीएसपी प्रबंधन ने रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया घटाकर 6 रुपये प्रति वर्गफीट प्रतिमाह कर दिया है। इस फैसले से करीब 3,946 आवासधारियों को लाभ मिलने का अनुमान है। खासतौर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को इससे बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।
बीएसपी प्रबंधन के नगर सेवाएं विभाग ने 2 नवंबर को संशोधित आदेश जारी किया। इसके तहत दोनों श्रेणियों के संबंधित आवासों के लिए एक समान किराया दर लागू की गई है। पहले रिटेंशन श्रेणी के आवासों का किराया 24 रुपये प्रति वर्गफीट था, जिसे घटाकर 6 रुपये कर दिया गया है। इससे इस श्रेणी के आवासधारियों को 75 प्रतिशत की राहत मिलेगी। वहीं, थर्ड पार्टी श्रेणी का किराया 8 रुपये से घटाकर 6 रुपये प्रति वर्गफीट किया गया है, जिससे उन्हें 25 प्रतिशत की राहत मिलेगी।
नई दर से होने वाली बचत का अंदाजा 500 वर्गफीट के आवास से लगाया जा सकता है। पहले इस आकार के रिटेंशन आवास के लिए हर महीने 12 हजार रुपये किराया देना पड़ता था, जो अब घटकर 3 हजार रुपये रह जाएगा। यानी संबंधित परिवार को प्रतिमाह 9 हजार और सालाना 1 लाख 8 हजार रुपये की बचत होगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस फैसले से रिटेंशन श्रेणी के 1,158 और थर्ड पार्टी श्रेणी के 2,788 आवासधारी लाभान्वित होंगे।
दरअसल, बीएसपी टाउनशिप में बढ़े हुए किराए को लेकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अन्य आवासधारियों की परेशानी लंबे समय से बनी हुई थी। यह मुद्दा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में उठाया गया था। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों, विशेषकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक समाधान निकालने पर जोर दिया। जनप्रतिनिधियों और बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच चर्चा के बाद किराया दरों में संशोधन पर सहमति बनी।
संशोधित आदेश में नई किराया दर को पूर्व प्रभाव से लागू करने का भी प्रावधान किया गया है। इसके तहत संबंधित अवधि के किराए की पुनर्गणना की जा सकेगी। पहले से अधिक किराया जमा करने वाले आवासधारियों की अतिरिक्त राशि के समायोजन की प्रक्रिया विभागीय निर्देशों के अनुसार तय होगी। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक अंतरिम रूप से प्रभावी रहेगी।
इस फैसले के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में बीएसपी सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ और थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर आभार जताया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, विधायक ललित चंद्राकर और रिकेश सेन सहित दुर्ग-भिलाई के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।