रायपुर, छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ मिली निर्णायक सफलता वीर पुलिस और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का परिणाम है। यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने अमर शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस देश की एकता, अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद करने का अवसर है। उन्होंने 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों का सामना करते हुए शहीद हुए 10 पुलिस जवानों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों के परिवारों का त्याग और साहस भी अतुलनीय है तथा राज्य सरकार उनके सम्मान और कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (DRG), बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों के साहस एवं समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर में शांति और विश्वास का नया वातावरण बना है। जिन क्षेत्रों में कभी भय और हिंसा का माहौल था, वहां अब सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और संचार जैसी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। नियद नेल्लानार, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों तक विकास पहुंचाया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका त्याग पूरे प्रदेश के लिए गौरव और प्रेरणा का स्रोत है। पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने जानकारी दी कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक नक्सल विरोधी अभियानों में 84 नक्सली मारे गए, जबकि इसी अवधि में छत्तीसगढ़ पुलिस के छह जवान कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए। उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखने का आह्वान किया।
पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजीव स्मृति वन स्थित शहीद वाटिका भी पहुंचे और अमर जवान स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी और शहीद जवानों के परिजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर शहीदों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनकी वीरता आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।