खेल विकास के लिए बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले—राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकेंगे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी रायपुर, छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल होने जा रही है। नवा रायपुर में पद्म भूषण सम्मानित बैडमिंटन खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक पुलेला गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के जोरा में सेंध लेक सिटी और इलेशियम क्लब्स की साझेदारी घोषणा एवं अनुबंध हस्ताक्षर समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

खेल सुविधाओं के विकास पर 100 करोड़ रुपये खर्च होंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर, प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने खेलों के विकास के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार, प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों में निवेश युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने का माध्यम है।

बस्तर ओलंपिक में 3.91 लाख खिलाड़ियों की भागीदारी

मुख्यमंत्री ने बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन दूरस्थ और आदिवासी अंचलों की खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। पहले वर्ष करीब 1.65 लाख खिलाड़ियों ने इसमें भाग लिया था, जबकि दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर लगभग 3.91 लाख हो गई। उन्होंने कहा कि बढ़ती भागीदारी से बस्तर के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह का पता चलता है। साय ने कहा कि दूरस्थ गांवों के युवाओं को भी बड़े शहरों के खिलाड़ियों की तरह अवसर मिलना चाहिए। खेल, शिक्षा, कौशल और रोजगार के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। उन्होंने भारोत्तोलन खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव और भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

खेल और निवेश के नए केंद्र के रूप में उभर रहा नवा रायपुर

वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओम प्रकाश चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब खनिज और भारी उद्योगों के साथ सेवा क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक और आधुनिक शहरी अधोसंरचना का भी विस्तार हो रहा है। नवा रायपुर इन नई संभावनाओं का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि पुलेला गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी शुरू होने से प्रदेश के खिलाड़ियों को अपने ही राज्य में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिल सकेगा। राज्य में डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर इकाई की स्थापना की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है।

खेलों से स्वस्थ और अनुशासित समाज का निर्माण

पद्म भूषण सम्मानित पुलेला गोपीचंद ने छत्तीसगढ़ सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ उनके शारीरिक विकास पर भी ध्यान देना जरूरी है। खेल गतिविधियां बच्चों में अनुशासन, सक्रियता और आत्मविश्वास बढ़ाती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में निवेश केवल खिलाड़ी तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में भी मदद मिलती है। गोपीचंद ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों की सफलता देश का आत्मविश्वास बढ़ाती है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए शिक्षित होने के साथ स्वस्थ, सक्रिय और शारीरिक रूप से सक्षम युवा पीढ़ी तैयार करना भी जरूरी है।

विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य पर भी मुख्यमंत्री ने दिया जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। इसके लिए उद्योग, निवेश, सेवा क्षेत्र, आधुनिक तकनीक और मानव संसाधन के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सुशासन और सरकारी सेवाओं के डिजिटलीकरण को भी विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया। कार्यक्रम में सेंध लेक सिटी और इलेशियम क्लब्स की साझेदारी से जुड़ी घोषणा की गई। इस अवसर पर प्रह्लाद राय अग्रवाल, दीपचंद राजलीवाल, पवित्र कुमार, डॉ. हिमांशु द्विवेदी सहित अन्य अतिथि और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *