रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल तीन दिवसीय सिंगापुर दौरे के बाद बुधवार को रायपुर लौट आया। इस दौरान प्रदेश को करीब ₹43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रतिबद्धताएं मिलीं। दौरे में निवेश के साथ कौशल विकास, तकनीक, हरित विकास, पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ओर से आयोजित पहले ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम-2026’ में भागीदारी के लिए छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया गया था। दौरे के दौरान Energy Capital Global (ECG) ने 100 मेगावाट क्षमता के एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के लिए ₹41,750 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता जताई। वहीं Sunstream Green Energy Pvt. Ltd. की ओर से सौर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स के लिए ₹1,500 करोड़ तथा Valency International Pte Ltd की ओर से एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब के लिए ₹350 करोड़ के निवेश प्रस्ताव सामने आए।
कौशल विकास के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ सरकार ने ITE Education Services, Singapore के साथ एमओयू किया। इसके तहत उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण, पाठ्यक्रम विकास और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा। सरकार के अनुसार एआई, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक उद्योगों से जुड़े निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनने की संभावना है, जबकि स्थानीय स्टार्टअप और एमएसएमई को वैश्विक कंपनियों के साथ कारोबार बढ़ाने के अवसर मिल सकते हैं।
SING Forum-2026 में छत्तीसगढ़ ने निवेश और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री साय ने फोरम में आयोजित फायरसाइड चैट में राज्य में निवेश के लिए उपलब्ध अवसरों और सरकार की औद्योगिक नीतियों की जानकारी दी। इसके अलावा सिंगापुर के विदेश मंत्री Vivian Balakrishnan से मुलाकात के दौरान निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में राज्य स्तर पर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
दौरे के दौरान 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ सीईओ राउंडटेबल भी आयोजित किया गया। TCS, SMBC, Tolaram Group और Agrocorp सहित विभिन्न कंपनियों के साथ निवेश और व्यावसायिक साझेदारी की संभावनाओं पर बातचीत हुई। Global Finance & Technology Network के साथ एआई और डिजिटल फाइनेंस प्रशिक्षण तथा स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों तक पहुंच दिलाने पर चर्चा हुई, जबकि Aquatech Pacific Holdings और Adroit Overseas के साथ जल प्रबंधन और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में संभावनाओं पर संवाद हुआ।
सिंगापुर यात्रा के दौरान Gardens by the Bay और Mandai Wildlife Group के साथ भी बैठकें हुईं। इनमें नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन, शहरी हरित क्षेत्रों, जैव विविधता संरक्षण और नंदनवन जंगल सफारी को विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री साय ने यात्रा को राज्य की वैश्विक निवेश यात्रा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि सरकार निवेश प्रस्तावों पर लगातार फॉलो-अप कर उन्हें धरातल पर उतारने और इनसे युवाओं, स्थानीय उद्यमियों तथा उद्योगों के लिए नए अवसर तैयार करने पर काम करेगी।