रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ को निवेश और कौशल विकास के मोर्चे पर बड़ी उपलब्धियां मिलीं। यात्रा के दौरान प्रदेश को अब तक 43,600 करोड़ रुपये के एफडीआई निवेश प्रस्ताव मिले हैं। वहीं एग्रो और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में 350 करोड़ रुपये के नए निवेश का प्रस्ताव मिला है। इसके साथ ही युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक तैयार करने के लिए सिंगापुर की ITE Education Services के साथ एमओयू भी हुआ।
मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात कर निवेश, कौशल विकास, तकनीक और शहरी नियोजन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने कई वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाएं सामने रखीं। छत्तीसगढ़ ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में भी हिस्सा लिया।
उद्योगों की जरूरत के हिसाब से तैयार होंगे युवा
छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण को लेकर समझौता हुआ है। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का दौरा कर उसके उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल को समझा।
सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं। इसी मॉडल का इस्तेमाल छत्तीसगढ़ में भी किया जाएगा। इससे उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं। उनका लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ में आने वाले उद्योगों को आवश्यक कुशल मानव संसाधन प्रदेश में ही उपलब्ध हो और युवाओं को अपने राज्य में बेहतर करियर के अवसर मिलें।
किसानों की उपज को मिलेगा प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट का बाजार
सिंगापुर की Valency International Pte Ltd ने छत्तीसगढ़ में 350 करोड़ रुपये निवेश कर इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करने की रुचि दिखाई है। कंपनी 22 देशों में कारोबार करती है।
प्रस्तावित हब में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली जैसी कृषि उपज की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे प्रदेश में ही किसानों की उपज का मूल्य संवर्धन होगा। साथ ही एक्सपोर्ट के जरिए नए बाजार खुलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने की उम्मीद है।
15 से ज्यादा वैश्विक कंपनियों से निवेश पर बातचीत
मुख्यमंत्री ने सीईओ राउंडटेबल में 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। इनमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua जैसी कंपनियां शामिल थीं।
बैठक में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कंपनियों को छत्तीसगढ़ की निवेश नीतियों और कारोबारी माहौल की जानकारी दी।
AI और डिजिटल फाइनेंस में भी सहयोग की तैयारी
Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब विकसित करने की संभावनाएं भी तलाशीं गईं।
निवेश प्रस्तावों, कौशल विकास और तकनीकी साझेदारी से जुड़ी इन पहलों के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा पूरी हो गई। प्रतिनिधिमंडल 7 अक्टूबर को रायपुर लौटेगा।