रायपुर, छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन की बोनी का काम लगभग पूरा हो गया है। 6 अक्टूबर तक प्रदेश में 48.62 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी हो चुकी है। यह निर्धारित लक्ष्य का लगभग शत-प्रतिशत है। राज्य सरकार ने इस खरीफ सीजन में 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा है।
धान के साथ मक्का, कोदो-कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल समेत अलग-अलग फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है। मानसून के साथ शुरू हुई खेती-किसानी अब शुरुआती चरण से आगे बढ़ चुकी है और बोनी का काम अंतिम दौर में पहुंच गया है।
किसानों को अब तक 13.40 लाख मीट्रिक टन खाद
कृषि विभाग के अनुसार प्रदेश में किसानों को अब तक 13.40 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.62 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं। खरीफ सीजन के लिए राज्य में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके मुकाबले सहकारी और निजी क्षेत्र में 18.02 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है।
बीज के मामले में भी लक्ष्य के मुकाबले पर्याप्त भंडारण किया गया है। खरीफ 2026 के लिए 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य है। इसके विरुद्ध 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण हो चुका है और अब तक 4.62 लाख क्विंटल बीज किसानों को दिया जा चुका है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को उनकी जरूरत के मुताबिक प्रमाणित खाद-बीज आसानी से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की टीमें खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रख रही हैं।
प्रदेश में 1155.2 मिमी बारिश दर्ज
प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक 1155.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है। अधिकारियों के मुताबिक 6 अक्टूबर तक दर्ज बारिश पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा 1139.9 मिलीमीटर से 15.3 मिलीमीटर अधिक है।
किसानों को 8178.54 करोड़ रुपये का कृषि ऋण
किसानों को खेती के लिए वित्तीय मदद उपलब्ध कराने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए अल्पकालीन कृषि ऋण भी दिया जा रहा है। 5 अक्टूबर 2026 तक प्रदेश में 8178.54 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है।
पिछले साल इसी अवधि में 6938.10 करोड़ रुपये का ऋण वितरित हुआ था। इस खरीफ सीजन में किसानों को कुल 8800 करोड़ रुपये का कृषि ऋण देने का लक्ष्य रखा गया है।