रायपुर, छत्तीसगढ़ में इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। भारत औद्योगिक विकास योजना BHAVYA के तहत नवा रायपुर अटल नगर में प्रस्तावित इस पार्क का प्रोजेक्ट अब केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई स्टेट लेवल कमेटी की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक में छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (CRDA) की ओर से तैयार प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट, मास्टर प्लान, जमीन की उपलब्धता, जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर, परियोजना की लागत और वित्तीय व्यवस्था समेत BHAVYA की संचालन गाइडलाइन से जुड़े बिंदुओं पर जानकारी दी गई।

406 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में प्रस्तावित है पार्क

CRDA के प्रस्ताव के मुताबिक इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क नवा रायपुर अटल नगर, रायपुर जिले में करीब 406.72 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाना प्रस्तावित है। पार्क में अलग-अलग तरह की औद्योगिक गतिविधियों के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं और इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए जाएंगे।

DPIIT के सामने रखा जाएगा प्रस्ताव

स्टेट लेवल कमेटी से मंजूरी मिलने के बाद अब CRDA निर्धारित प्रक्रिया के तहत परियोजना प्रस्ताव को भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के समक्ष प्रस्तुत करेगा। केंद्र से स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के अगले चरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, CSIDC के प्रबंध संचालक उमेश कुमार झा, NRDA नवा रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। रायपुर कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *