रायपुर, गुजरात के वडनगर और बस्तर संभाग से बाइक पर निकले युवा राइडर्स मंगलवार को रायपुर पहुंचे। राजधानी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सेवा संकल्प यात्रा एवं युवा संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए और राइडर्स का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा युवाओं को सेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का माध्यम है। वडनगर से शुरू हुई यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि से उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। यात्रा में शामिल युवा स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य के लक्ष्य को लेकर योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहा है। राज्य सरकार ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है।
बस्तर के बच्चों ने साझा किए अपने अनुभव
कार्यक्रम के युवा संवाद में बस्तर से रायपुर आकर पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों गोविंद कुमार, दृष्टि ध्रुव, दीपक मरकाम और दीना उइके ने अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने बस्तर में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा बदलते माहौल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब बस्तर की नई पीढ़ी पढ़ाई और करियर को लेकर बड़े सपने देख रही है।
विद्यार्थियों ने बताया कि बस्तर के युवा अब सेना, सिविल सेवा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग सहित अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़कर देश और प्रदेश की सेवा करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों की बातों की सराहना करते हुए कहा कि बस्तर के बच्चों की आंखों में दिखाई दे रहे भविष्य के सपने बदलते बस्तर की तस्वीर को सामने रखते हैं। सरकार का प्रयास है कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर मिलें।
छत्तीसगढ़ में डेढ़ करोड़ से ज्यादा दीप प्रज्ज्वलित
मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ में हुए कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डेढ़ करोड़ से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेशवासियों की सहभागिता से जुड़ा अभियान बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ से लंबे समय से जुड़ाव रहा है। मुख्यमंत्री ने अपने केंद्रीय राज्यमंत्री के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री के साथ काम करने का अवसर मिला और इस दौरान उनकी कार्यशैली, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखने का मौका मिला।
1200 युवा, करीब 2000 किलोमीटर की यात्रा
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने बताया कि सेवा संकल्प यात्रा में करीब 1200 युवा लगभग 2000 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं। यात्रा के दौरान स्वच्छता, टीबी मुक्त भारत, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लक्ष्मी वर्मा और वी.डी. शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, किरण सिंहदेव और अनुज शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सेवा संकल्प यात्रा के बाइक राइडर्स और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।