रायपुर, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए आयोजित दो दिवसीय चयन ट्रायल रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में संपन्न हो गया। ट्रायल के लिए प्रदेशभर से 373 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 223 खिलाड़ियों ने मैदान पर हिस्सा लिया। प्रदर्शन के आधार पर इनमें से 130 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने लीग में जगह बनाने के लिए अपना खेल कौशल दिखाया। चयन के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन, खेल कौशल और निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। अब शॉर्टलिस्ट हुए खिलाड़ियों के सामने लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों में जगह बनाने का अगला मौका होगा। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव लगातार दूसरे दिन चयन ट्रायल देखने स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने मैदान पर खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखा और उनसे मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और मेहनत के जरिए अपने खेल को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला चयन ट्रायल राज्य की हॉकी प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि 373 खिलाड़ियों का पंजीयन और 223 खिलाड़ियों की भागीदारी प्रदेश में हॉकी के प्रति खिलाड़ियों के उत्साह को दर्शाती है। 130 खिलाड़ियों का शॉर्टलिस्ट होना चयन प्रक्रिया का अहम चरण है। अब इन्हें प्लेयर ड्राफ्ट के जरिए लीग की छह टीमों में शामिल होने का मौका मिलेगा। 8 अक्टूबर को रायपुर में होगा प्लेयर ड्राफ्ट चयन ट्रायल के बाद अब लीग के पहले सीजन के लिए टीमों के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। 8 अक्टूबर को रायपुर में सीएचएल प्लेयर ड्राफ्ट आयोजित किया जाएगा। इसमें शॉर्टलिस्ट किए गए 130 खिलाड़ी शामिल होंगे और छह फ्रेंचाइजी टीमें अपनी-अपनी टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन करेंगी। ड्राफ्ट के बाद लीग के पहले सीजन के लिए सभी टीमों का अंतिम स्वरूप तय होगा। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव और सचिव फिरोज अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *