नवा रायपुर में होने वाले राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 29 सितंबर को पर्यटन एवं संस्कृति सचिव डॉ. एस. भारतीदासन और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह समेत अधिकारियों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर मेला ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं और तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने मौके पर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एग्जिबिशन सेंटर, सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल, शिल्पग्राम, प्रशासनिक भवन, हेलीपैड, पार्किंग जोन, फूड जोन, फन जोन, मुख्य प्रवेश द्वार और बस स्टॉप समेत अलग-अलग हिस्सों की व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने आयोजन से पहले सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने पर जोर दिया।
आयोजन स्थल पर जेसीबी से समतलीकरण, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और विभिन्न स्टॉल तैयार करने को लेकर भी संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी ली गई। कार्यक्रम के दौरान आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सुविधाओं को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
राज्योत्सव के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। एसपी ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने मुख्य प्रवेश और निकास मार्गों, पार्किंग क्षेत्रों, वाहनों की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों पर अधिकारियों से चर्चा की। आगंतुकों की संख्या को देखते हुए जरूरी पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था के बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि राज्योत्सव में आने वाले नागरिकों और आगंतुकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए तैयारियां तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान CSIDC के एमडी विश्वेश झा, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, पर्यटन मंडल के एमडी सौमिल रंजन चौबे, एसपी ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, एडीएम उमाशंकर बंदे, NRDA के प्रतिनिधि समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।