रायपुर, एशियन गेम्स-2026 में भारतीय महिला खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुशी जताई है। उन्होंने स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां देश के लिए गर्व का विषय हैं।
मुख्यमंत्री ने महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में एशियन रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाली नीरू ढांडा को विशेष रूप से बधाई दी। उन्होंने कहा कि नीरू ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 4×400 मीटर महिला रिले में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य किरण पहल, पूवम्मा मचेत्तिरा, प्राची और विथ्या रामराज को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि टीम ने बेहतरीन तालमेल और शानदार प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम कर देश का गौरव बढ़ाया।
सीएम साय ने कहा कि एशियन गेम्स में भारतीय महिला खिलाड़ियों की ये उपलब्धियां उनके आत्मविश्वास और खेल प्रतिभा को दर्शाती हैं। अलग-अलग खेलों में भारतीय बेटियां लगातार अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता देश की युवा पीढ़ी, खासकर बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने और बड़े लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने सभी स्वर्ण पदक विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।