सूरजगढ़ और परसापाली के प्रभावित ग्रामीणों को राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा, प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी रायगढ़, महानदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पुसौर विकासखंड के तटीय इलाकों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। सूरजगढ़ और परसापाली गांवों में प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। वहीं, महानदी से लगे अन्य गांवों में भी प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सूरजगढ़ में बाढ़ से प्रभावित करीब 450 ग्रामीणों को पड़ीगांव स्थित राहत शिविर में शिफ्ट किया जा रहा है। यहां लोगों के लिए भोजन, पेयजल समेत जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इसी तरह परसापाली में भी जलस्तर बढ़ने के कारण प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित निकालकर छिछोर उमरिया के स्कूल भवन में बनाए गए राहत शिविर में पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से महानदी के अन्य तटीय क्षेत्रों में भी लगातार निगरानी की जा रही है। संभावित बाढ़ को देखते हुए राहत शिविरों और जरूरी संसाधनों की तैयारियां की गई हैं। प्रभावित इलाकों में मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है, ताकि जनहानि के साथ पशुधन को भी सुरक्षित रखा जा सके। एसडीएम महेश शर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा कर रहे हैं। मौके पर पहुंचकर जलस्तर, जलभराव की स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी ली जा रही है। पुसौर जनपद पंचायत के सीईओ, पंचायत सचिव, पटवारी और पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से जलभराव वाले इलाकों और नदी के आसपास जाने से बचने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *