रायपुर, उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने जापान में चल रहे एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी से वीडियो कॉल पर बात कर उन्हें बधाई दी। अरुण साव ने संजू देवी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने देश के साथ छत्तीसगढ़ का भी मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि संजू की मेहनत, संघर्ष और खेल के प्रति समर्पण प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा। उप मुख्यमंत्री ने संजू देवी को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को अपनी बेटी की उपलब्धि पर गर्व है। बातचीत के दौरान संजू देवी ने खेल को आगे बढ़ाने में राज्य सरकार और खेल विभाग से मिले सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। कोरबा की रहने वाली संजू देवी बिलासपुर के बहतराई खेल अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं और भारतीय महिला कबड्डी टीम की महत्वपूर्ण सदस्य हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह उनका तीसरा स्वर्ण पदक बताया गया है। इससे पहले वह कबड्डी विश्व कप और एशियन चैंपियनशिप में भी भारतीय टीम की सफलता में योगदान दे चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *