रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 138वीं कड़ी का श्रवण किया। प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की सराहना किए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के माध्यम से देशभर में जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक बदलावों और स्थानीय नवाचारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं। छत्तीसगढ़ के प्रयासों का लगातार उल्लेख प्रदेशवासियों की सहभागिता और मेहनत को मिल रही पहचान को दर्शाता है।
उन्होंने ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान को कुपोषण के खिलाफ महत्वपूर्ण पहल बताते हुए लोगों से अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने और इसके पोषण लाभों के बारे में जागरूकता फैलाने की अपील की। प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में पोषण माह के संदर्भ में छत्तीसगढ़ के इस अभियान का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांकेर और बस्तर के कई क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे हैं। अब शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत होने के साथ इन क्षेत्रों में विकास और समृद्धि के नए अवसर बन रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं का लाभ अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
लामकन्हार को 85 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने ग्राम लामकन्हार में कुल 85 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की। इसमें सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपए, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन के लिए 37 लाख रुपए, छोटे पारा में सीसी रोड के लिए 18 लाख रुपए तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पुस्तकालय और प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपए शामिल हैं।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में अमरूद का पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।