रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्प, स्थानीय उत्पादों और स्टार्टअप नवाचारों का प्रदर्शन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ पवेलियन का शुभारंभ राज्य की रेजिडेंट कमिश्नर श्रुति सिंह ने किया। इस मेले के जरिए राज्य के उत्पादों और उद्यमों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उद्घाटन के बाद श्रुति सिंह ने विभिन्न विभागों, उद्यमियों और स्टार्टअप्स द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉल संचालकों से बातचीत कर उनके उत्पादों, सेवाओं और व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी ली। खासतौर पर युवा उद्यमियों के नए विचारों और तकनीक आधारित नवाचारों में रुचि दिखाई। छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की जनजातीय एवं सांस्कृतिक विरासत, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही राज्य के उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी मंच दिया गया है। इस आयोजन से छत्तीसगढ़ के स्थानीय कारीगरों, लघु उद्यमियों और स्टार्टअप्स को देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों और व्यावसायिक प्रतिनिधियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। मेले में राज्य की भागीदारी का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाना और व्यापार, निवेश तथा तकनीकी सहयोग की नई संभावनाओं को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *