रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित स्वनिधि महोत्सव में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर्स के फूड स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एक स्ट्रीट वेंडर के हाथों बनी चाय का स्वाद लिया और मिट्टी के कुल्हड़ में चाय की चुस्की ली। उन्होंने पथ विक्रेताओं से बातचीत कर उनके कारोबार और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से मिल रहे लाभों की जानकारी भी ली।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने महिला पथ विक्रेताओं के साथ बैठकर लंच किया। इस दौरान स्ट्रीट वेंडर्स ने अपने व्यवसाय और योजना से जुड़े अनुभव साझा किए। महोत्सव का आयोजन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा किया गया था।
धमतरी के दिलीप यादव ने बताया कि उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के तहत पहले 10 हजार रुपये का ऋण लेकर प्लास्टिक के सामान बेचने का कारोबार शुरू किया। समय पर किस्तें चुकाने के बाद उन्होंने दूसरे चरण में 20 हजार और तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण लिया। इससे उनका कारोबार बढ़ा और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया।
वहीं, फिंगेश्वर की सुशीला श्रीवास्तव ने बताया कि वे सिलाई का काम करती हैं। उन्होंने भी योजना के तहत पहले 10 हजार, फिर 20 हजार और तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण लिया। इस आर्थिक सहायता से वे अपने काम को आगे बढ़ा सकीं और परिवार के जीवन स्तर में सुधार हुआ।