रायपुर, राजधानी में सड़क और सेतु निर्माण से जुड़े प्रोजेक्ट्स को जल्द पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। PWD सचिव मुकेश कुमार बंसल ने नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में रायपुर परिक्षेत्र के अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में रायपुर शहर के प्रमुख मार्गों के साथ प्रगतिरत और प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों पर चर्चा हुई। इसके अलावा आरओबी, आरयूबी और फ्लाईओवर से जुड़े प्रोजेक्ट्स की भी समीक्षा की गई। सचिव ने अधिकारियों से काम की प्रगति, प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रक्रिया और उन्हें समय पर आगे बढ़ाने को लेकर जानकारी ली।

प्रमुख मार्गों के उन्नयन और चौड़ीकरण पर जोर

बैठक में राजधानी के प्रमुख मार्गों के उन्नयन, चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और विद्युतीकरण से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने प्रस्तावित कार्यों के प्राक्कलन जल्द तैयार कर प्रस्तुत करने और प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों को समय पर जमीन पर उतारा जा सके। सचिव मुकेश बंसल ने रायपुर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जरूरी अधोसंरचना परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *