गोबरा नवापारा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, 5-5 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता

रायपुर, प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के गोबरा नवापारा, सोमवारी बाजार, नेहरू घाट, पारागांव, कुटीपारा और टीला समेत नदी किनारे के कई इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। नवापारा क्षेत्र में पानी करीब 8 फीट तक बढ़ने से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने करीब 2 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया है।

राहत शिविरों में रह रहे लोगों के लिए भोजन, पेयजल और दूसरी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। प्रशासन और बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, लंबे समय बाद क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में जलभराव देखने को मिला है।

प्रभावितों के बीच पहुंचे राजस्व मंत्री

बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने गोबरा नवापारा क्षेत्र के प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और राहत शिविरों में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।

मंत्री ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ है और जरूरत के मुताबिक हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

5-5 हजार रुपये की तत्काल सहायता

बाढ़ से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के लिए 5-5 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। जिन परिवारों के मकान बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें दोबारा निर्माण के लिए नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया।

मंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ से हुए नुकसान का जल्द से जल्द सर्वे कराने के निर्देश दिए। इसमें मकानों के साथ फसलों और अन्य नुकसान का भी आकलन किया जाएगा। सर्वे पूरा होने के बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC 6-4) के प्रावधानों के तहत पात्र प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। साथ ही जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *