मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोन पर दी बधाई, कहा- प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बनी प्रेरणा

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी से फोन पर बातचीत कर उन्हें शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि संजू देवी की सफलता से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।

मुख्यमंत्री ने संजू देवी से बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता देशवासियों के लिए गर्व का क्षण है। इस जीत में छत्तीसगढ़ की बेटी की महत्वपूर्ण भूमिका प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।

युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा

विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने अपनी मेहनत और खेल कौशल के जरिए भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया।

उन्होंने कहा कि संजू देवी की उपलब्धि प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उनकी सफलता उन खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएगी जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का सपना देखते हैं।

खेल प्रतिभाओं को अवसर देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर सकें।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया उपस्थित थे।

ईरान को हराकर भारत ने जीता स्वर्ण

जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में कोरबा की संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *