निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास विशेष निगरानी, जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश
रायपुर, प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के बीच बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिला कलेक्टरों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी नहीं करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि संकट की स्थिति में लोगों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने निचले इलाकों, नदी-नालों के किनारे बसे गांवों और बस्तियों पर खास नजर रखने के निर्देश दिए हैं। जलस्तर बढ़ने या बाढ़ का खतरा दिखाई देने पर लोगों को समय रहते सतर्क करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा गया है।
आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना को देखते हुए राहत और बचाव दलों को जरूरी संसाधनों के साथ तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, पंचायत और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मदद तुरंत पहुंचाई जा सके।
प्रभावित लोगों के लिए सुरक्षित आश्रय, भोजन, पीने का पानी और दवाइयों समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है। जलभराव वाले रास्तों, पुल-पुलियों और तेज बहाव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने तथा जोखिम वाले क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों से मैदानी अमले को लगातार सक्रिय रखने और स्थानीय स्तर से मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को स्थिति की लगातार निगरानी करते हुए जरूरत के मुताबिक राहत व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से जलभराव वाले इलाकों, उफनती नदियों-नालों और तेज बहाव वाली जगहों पर जाने से बचने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।