कबीरधाम के बोड़ला क्षेत्र के ग्राम छुई में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों के साथ संवाद कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने नवीन पंचायत भवन और मिडिल स्कूल भवन बनाने की घोषणा की।
विजय शर्मा ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और विकास का असर जमीन पर दिखाई दे। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि क्षेत्र के 50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास तैयार किए गए हैं। अब 35 अन्य स्कूलों में भी स्मार्ट क्लास स्थापित किए जाएंगे। इन कक्षाओं के जरिए विद्यार्थी विषय विशेषज्ञों से पढ़ाई के साथ करियर संबंधी मार्गदर्शन ले सकेंगे। भविष्य में NEET और JEE जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी मार्गदर्शन देने की योजना है।
बालिकाओं के लिए स्कूलों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ अभियान के तहत जिन स्कूलों में बालिका शौचालय नहीं हैं, वहां निर्माण कराया जाएगा। वहीं, बिना मुक्तिधाम वाले गांवों में मुक्तिधाम शेड बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों रंभा हठीले और होमित हठीले के घर भी पहुंचे। उन्होंने परिवार से आवास निर्माण और योजना के लाभ की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर घर के बाहर दीप जलाकर शुभकामनाएं देने के साथ सेवा और विकास के संकल्प को मजबूत किया जाए।