रायपुर,  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 25 वर्षों की यात्रा को लोगों तक पहुंचाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वर्चुअल बैठक लेकर अभियान की आगे की रणनीति पर चर्चा की।

बैठक में मंत्री दयालदास बघेल, मंत्री राजेश अग्रवाल, अभियान के संयोजक, सह-संयोजक और सदस्य शामिल हुए। इस दौरान अभियान की दो प्रमुख थीम ‘सेवा की कहानी’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

ओपी चौधरी ने कहा कि 25 वर्षों की सेवा यात्रा में जनकल्याण और सुशासन के जरिए हुए बदलावों की प्रेरक कहानियों को आम लोगों तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। ‘सेवा की कहानी’ के जरिए सेवा और समाज से जुड़े अनुभव सामने लाए जाएंगे, जबकि ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से लोगों को खुद सेवा गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, जनभागीदारी और अभियान को प्रभावी तरीके से जमीन पर उतारने को लेकर भी चर्चा हुई। अभियान को व्यापक बनाने के लिए अलग-अलग स्तरों पर बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *