तेज हवाओं और बारिश के कारण लिया गया फैसला, 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल और 1 नवंबर को फाइनल
रायपुर, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बिगड़े मौसम को देखते हुए छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के गुरुवार को होने वाले दोनों मुकाबले स्थगित कर दिए गए हैं। खिलाड़ियों की सुरक्षा और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने यह निर्णय लिया है। अब दोनों मुकाबले शुक्रवार, 30 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहला मुकाबला शाम 5:30 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच होगा। वहीं, दूसरा मैच शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियंस और बैलाडीला बुल्स के बीच खेला जाएगा। खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण मैचों की तारीख में बदलाव किया गया है।
रोजाना देखने को मिल रहा हॉकी का रोमांच
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में 22 अक्टूबर से मुकाबले खेले जा रहे हैं। लीग में शामिल टीमें अपने प्रदर्शन से दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए खेल जगत से जुड़ी हस्तियां और अन्य विशिष्ट अतिथि भी स्टेडियम पहुंच रहे हैं।
न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल में पहुंची
लीग के अब तक के मुकाबलों में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टीम ने पांच मैचों में तीन जीत और दो ड्रॉ के साथ 11 अंक हासिल किए हैं और अंक तालिका में शीर्ष पर है। वहीं, मैनपाट टाइटन्स चार मैचों में दो जीत और दो ड्रॉ के साथ आठ अंक लेकर दूसरे स्थान पर है।
चक्रधर चैंपियंस सात अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। टीम ने चार मैचों में दो जीत, एक ड्रॉ और एक हार दर्ज की है। बैलाडीला बुल्स पांच अंकों के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स चार अंक लेकर पांचवें स्थान पर है। राजधानी रॉयल्स अपने सभी पांच मुकाबले हारकर अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर है।
1 नवंबर को होगा फाइनल मुकाबला
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 31 अक्टूबर को खेले जाएंगे। इसके बाद 1 नवंबर को फाइनल मुकाबले के साथ लीग का समापन होगा। स्थगित हुए मैचों के परिणाम से अंक तालिका और सेमीफाइनल की तस्वीर और स्पष्ट होगी।