सरगुजा : सरगुजा जिले में शुक्रवार का दिन हजारों ग्रामीण परिवारों के लिए खास रहा। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम जनमन और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बने 5,596 पक्के मकानों में एक साथ गृह प्रवेश हुआ। लखनपुर के ग्राम पंचायत गोरता में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने हितग्राही परिवारों को नए घर की चाबी सौंपी।

गोरता में गृह प्रवेश के दौरान जुगेंद्र राजवाड़े और उनकी पत्नी फूलमती समेत अन्य परिवारों को मंत्री ने ‘खुशियों की चाबी’ दी। नए घर की चाबी हाथ में आते ही परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। लंबे समय से पक्के और सुरक्षित मकान का इंतजार कर रहे इन परिवारों के लिए यह सिर्फ नया घर नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य की शुरुआत है।

चार दीवारों से ज्यादा है अपना घर

कार्यक्रम में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि पक्का घर किसी परिवार के लिए सिर्फ मकान नहीं होता, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व से जुड़ा होता है। उन्होंने हितग्राहियों को अपने नए घर के लिए बधाई दी और योजना के तहत स्वीकृत बाकी मकानों का निर्माण भी जल्द पूरा करने के लिए लोगों को प्रेरित किया।

अधिकारियों ने भी हितग्राहियों से बातचीत कर अधूरे मकानों की स्थिति जानी और उन्हें तय समय में पूरा कराने के निर्देश दिए।

इन योजनाओं से बने 5,596 मकान

सरगुजा जिले में गृह प्रवेश किए गए कुल 5,596 आवासों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 4,967, पीएम जनमन योजना के 398 और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 231 मकान शामिल हैं।

विकासखंडवार आंकड़ों की बात करें तो अंबिकापुर में 1,235, बतौली में 737, लखनपुर में 1,033, लुंड्रा में 685, मैनपाट में 577, सीतापुर में 626 और उदयपुर में 703 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया।

कई गांवों में एक साथ मना गृह प्रवेश

जिले के अलग-अलग विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों ने अपने नए घर में प्रवेश किया। पक्की छत और सुरक्षित मकान मिलने से उन परिवारों की वर्षों पुरानी उम्मीद पूरी हुई, जो अब तक कच्चे या असुरक्षित घरों में रह रहे थे।

लखनपुर के गोरता में आयोजित कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, जनपद पंचायत की सीईओ खुशबू शास्त्री समेत अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *