रायपुर : नारायणपुर जिले में बच्चों के पोषण और शिक्षा को मजबूत करने के लिए नई पहल शुरू की गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिले के प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूलों के 13,015 बच्चों को हर दिन मुफ्त पौष्टिक नाश्ता दिया जाएगा। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए पौष्टिक लड्डू वितरण की शुरुआत भी की गई है।
जिले के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने बच्चों को अपने हाथों से नाश्ता परोसा।
476 स्कूलों के बच्चों को मिलेगा फायदा
नाश्ता योजना नारायणपुर और ओरछा (अबूझमाड़) विकासखंड के 476 स्कूलों में लागू की गई है। इसके तहत प्रत्येक बच्चे को रोजाना 150 ग्राम पौष्टिक नाश्ता मिलेगा। मेन्यू में पोहा-फलीदाना, सूजी उपमा, दलिया, चना, खड़ा मूंग और मूंगफली जैसे खाद्य पदार्थ शामिल किए गए हैं।
योजना का उद्देश्य बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ स्कूलों में उनकी उपस्थिति और ठहराव बढ़ाना भी है। खासकर दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के बच्चों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
676 रसोइयों को मिलेगा अतिरिक्त मानदेय
बच्चों के लिए नाश्ता तैयार करने वाले 676 रसोइयों को हर महीने 800 रुपये अतिरिक्त मानदेय दिया जा रहा है। इससे स्कूलों में नाश्ता तैयार करने की व्यवस्था को बेहतर बनाने और रसोइयों का प्रोत्साहन बढ़ाने पर जोर है।
वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों में शुरू की गई लड्डू योजना का मकसद बच्चों के पोषण स्तर में सुधार करना और कुपोषण की समस्या से निपटना है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारी, शिक्षक, ग्रामीण और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।